गायघाट में आग लगने से हजारों की संपत्ति जलकर राख,सीओ ने राजस्व कर्मचारी को दिया जांच के निर्देश।
गायघाट /मुजफ्फरपुर
गायघाट प्रखंड क्षेत्र के बरूआरी पंचायत के तेजौल में शनिवार की दोपहर अचानक आग लगने से एक परिवार का घर में रखें सारा सामान जलकर राख हो गया। अगलगी की घटना में हजारों की संपत्ति जलने का अनुमान है। स्थानीय लोगों के मुताबिक पीड़ित के घर के शार्ट सर्किट से आग लगने का कारण बताया गया है।जानकारी के अनुसार दोपहर में अचानक घर में आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक आग ने पूरे घर को जला दिया। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह आग की चपेट में आने से अन्य घरों को बचाया गया। आग लगने से घर में बक्सा, कपड़ा, अनाज सहित अन्य समान पूरी तरह जलकर राख हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि अग्नि पीड़ित संजीव कुंवर पेशे से किसान हैं और अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। शनिवार की दोपहर उनके घर में आग लगने से घर का सारा सामान जल कर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को सरकार की तरफ से दिये जाने वाले उचित मुआवजे की मांग की है। अंचल अधिकारी राघवेन्द्र राघवन ने बताया कि उक्त घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने मौखिक रूप से दी है। संबंधित क्षेत्र के राजस्व कर्मचारी से अगलगी की घटना की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। जांचोपरांत पीड़ित परिवार को मुआवजा के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

