दरभंगा में ‘नशामुक्त बिहार अभियान-2026’ का आगाज, 25 नवंबर तक चलेगा जागरूकता अभियान,
चार चरणों में शहर से गांव तक पहुंचेगा नशामुक्ति का संदेश, स्कूल-कॉलेजों में होंगी प्रतियोगिताएं; विद्यार्थियों ने ली नशे से दूर रहने की शपथ
दस्तक 7मीडिया /गुड्डू राज
नशे के दुष्परिणामों के प्रति युवाओं और आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को दरभंगा में ‘नशामुक्त बिहार अभियान-2026’ का शुभारंभ किया गया। एक माह तक चलने वाला यह अभियान 27 अक्टूबर से 25 नवंबर तक जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित होगा। अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों, गांवों और छठ घाटों पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा।
बिहार सरकार की ओर से पटना स्थित अधिवेशन भवन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित राज्यस्तरीय उद्घाटन समारोह का दरभंगा के +2 बी.के.डी. हाई स्कूल (जिला स्कूल) में लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से प्रसारण किया गया। इसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया गया। इसके बाद उपस्थित विद्यार्थियों और पदाधिकारियों ने नशामुक्ति के प्रति सामूहिक शपथ ली।
कार्यक्रम में ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, उपायुक्त मद्यनिषेध दीनबंधु और सहायक आयुक्त मद्यनिषेध प्रदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
चार चरणों में चलेगा अभियान
जिला प्रशासन ने अभियान को चार चरणों में बांटा है, ताकि शहर से लेकर गांव तक समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
