दरभंगा में समुदाय के झंडे से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने पर साइबर थाना में केस दर्ज, फेसबुक को भेजा गया टेकडाउन नोटिस,

आईडी की पहचान में जुटी साइबर पुलिस, वीडियो वायरल करने वालों पर होगी विधिसम्मत कारवाई 

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक समुदाय के झंडे से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें पोस्ट किए जाने के मामले में दरभंगा साइबर थाना ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने इस संबंध में साइबर थाना कांड संख्या 68/26 दर्ज किया है। साथ ही, संबंधित पोस्ट और वीडियो को वायरल करने वाले लोगों तथा इसके लिए इस्तेमाल किए गए सोशल मीडिया अकाउंट की पहचान की जा रही है।

दरभंगा पुलिस की ओर से मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मामले की जानकारी मिलने के बाद साइबर थाना ने त्वरित संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आपत्तिजनक पोस्ट किसने की और किन-किन आईडी के माध्यम से वीडियो एवं तस्वीरों को प्रसारित किया गया।

फेसबुक को भेजा गया टेकडाउन नोटिस

पुलिस ने संबंधित अकाउंट को बंद कराने के लिए फेसबुक को टेकडाउन नोटिस भेजा है। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार पर रोक लगाना और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करना है।

दरभंगा पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी संवेदनशील सामग्री को साझा करने से पहले सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी तरह की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।

पुलिस की कार्रवाई के बाद अब संबंधित पोस्ट प्रसारित करने वाले अकाउंट की पहचान और जांच के निष्कर्ष पर नजर रहेगी।