रेल हादसे में दिवंगत कोर्टकर्मी के परिवार को SBI ने दिया 1.10 करोड़ का बीमा लाभ,ज़िला जज ने सौपा चेक

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बेसहारा का सहारा बना हे  भारतीय स्टेट बैंक। सिविल कोर्ट दरभंगा के दिवंगत कर्मचारी विनय कुमार के परिजनों को एस बी आई की ओर से मंगलवार को जिला जज अजय कुमार शर्मा के प्रकोष्ठ में दुर्घटना बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया। बिहार सिविल कोर्ट के दिवंगत कर्मचारी विनय कुमार के परिवार को 1.10 करोड़ रुपये का बीमा लाभ प्रदान किया है। मंगलवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शर्मा तथा एसबीआई दरभंगा क्षेत्रीय कार्यालय के क्षेत्रीय प्रबंधक निरंजन कुमार पांडेय ने उनकी पत्नी हेमलता को बीमा राशि का चेक सौंपा।
विनय कुमार की गत 23 जुलाई को हाजीपुर में रेल दुर्घटना में सरकारी कार्य के निर्वहन के दौरान मौत हो गई थी। इस दुखद घटना के बाद उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से एसबीआई ने बीमा राशि उपलब्ध कराई। कुल राशि में एक करोड़ रुपये दुर्घटना बीमा कवर तथा 10 लाख रुपये सामान्य बीमा कवर के तहत शामिल हैं।


यह भुगतान एसबीआई और बिहार सिविल कोर्ट के कर्मचारियों एवं न्यायिक पदाधिकारियों के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के प्रावधानों के अनुरूप किया गया है।


इस अवसर पर एसबीआई दरभंगा शाखा के मुख्य प्रबंधक प्रणय कुमार झा ने कहा कि बैंक अपने वेतन खाता धारकों और उनके परिवारों को अप्रत्याशित परिस्थितियों में वित्तीय सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि एसबीआई के वेतन पैकेज में बीमा के अलावा पात्र आश्रित बच्चों की शिक्षा एवं विवाह, एम्बुलेंस शुल्क तथा पार्थिव शरीर और परिजनों के परिवहन जैसी सुविधाओं का भी प्रावधान है। गंभीर चिकित्सकीय आपात स्थितियों में भी नियमानुसार सहायता मिल सकती है।
मौके पर कोर्ट मैनेजर मुकेश कुमार, न्यायालयकर्मी अश्वनी कुमार झा, संतोष कुमार झा, मो. मशरूल हसन उर्फ चांद, शैलेस कुमार, सहित अन्य न्यायालयकर्मी और दिवंगत कर्मचारी के परिजन मौजूद थे।

फोटो : — पत्नी हेमलता को बीमा राशि का चेक प्रदान करते जिला जज अजय कुमार शर्मा, एसबीआई के अधिकारी एवं अन्य।