BPSC, SSC और रेलवे परीक्षा की तैयारी करने वाले 20 अभ्यर्थियों को मिली स्टडी किट,
नियोजनालय में निःशुल्क स्टडी किट का वितरण, छह माह पुराना निबंधन और तीन लाख रुपये से कम वार्षिक आय अनिवार्य
दस्तक 7 मीडिया / दरभंगा
दरभंगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे आर्थिक रूप से कमजोर अभ्यर्थियों को सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से सोमवार, 26 अक्टूबर को जिला नियोजनालय, दरभंगा के कार्यालय परिसर में 20 अभ्यर्थियों के बीच स्टडी किट का वितरण किया गया। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में नियोजन-सह-मार्गदर्शन कार्यक्रम के तहत आयोजित इस पहल से बीपीएससी, एसएससी और रेलवे सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को लाभ मिला।
जिला जनसंपर्क कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, वितरित की गई 20 स्टडी किट में से सात बीपीएससी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को दी गईं। वहीं, एसएससी एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे पांच अभ्यर्थियों को तथा रेलवे परीक्षा की तैयारी करने वाले आठ अभ्यर्थियों को स्टडी किट प्रदान की गई।

