सिंहबाड़ा थाना क्षेत्र में शराब बंदी का अनोखा नजारा आया सामने ,  पिता ने बेटे को, पत्नी ने पति को कराया गिरफ्तार,नशे में होने की हुई पुष्टि 

दस्तक 7 मीडिया सिंहवाड़ा

सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में शराबी बेटे और पति के उत्पात से तंग आकर एक पिता और एक पत्नी ने खुद डायल-112 बुलाकर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों को ब्रेथ एनालाइजर जांच के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।पहला मामला कलिगांव पंचायत के वार्ड चार का है। जिसमे इंद्र कुमार झा ने थाने में लिखित आवेदन देकर बताया कि उनका बेटा मोनू कुमार झा रोज शराब पीकर घर में हल्ला हंगामा और मारपीट करता है। इसके पूर्व भी उस पर सिंहवाड़ा थाना में कांड संख्या 157/26 दर्ज है। पिता ने चार महीने तक नशा मुक्ति केंद्र में भी रखवाया लेकिन आदत नहीं सुधरी। रविवार की रात मोनू शराब पीकर घर आया और हंगामा करने लगा। तंग आकर पिता ने डायल-112 को फोन किया। मौके पर पहुंची पुलिस उसे थाना ले गई, जहां ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच में शराब पीने की पुस्ती हुई है।वही दूसरा मामला नगर पंचायत सिंहवाड़ा के ठकनीय का है। कुमारी देवी ने बताया कि रविवार की रात  वह घर में सो रही थी तभी उसका पति मदन महतो शराब के नशे में घर आकर हंगामा करने लगा। समझाने पर नहीं मानने पर उसने भी डायल-112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मदन महतो को थाने लाकर ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराई जिसमे शराब पीने की पुष्टि हुई है। पत्नी के आवेदन पर मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।