विधान परिषद मतगणना को लेकर प्रशासन अलर्ट, ड्यूटी से गायब रहे पुलिसकर्मियों पर होगी कार्रवाई,

27 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से खेल भवन में होगी मतगणना, मोबाइल फोन पर प्रतिबंध; पोलो मैदान में बनाए गए पार्किंग स्थल

दस्तक 7 मीडिया / दरभंगा

दरभंगा। बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। 27 अक्टूबर को लहेरियासराय स्थित खेल भवन-सह-व्यायामशाला में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को प्रेक्षागृह में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्धारित समय पर अपने-अपने कर्तव्य स्थल पर पहुंचने और पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा, प्रवेश नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

मतगणना हॉल में मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित

मतगणना परिसर की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया की गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रतिबंधित सामग्रियों के प्रवेश पर रोक रहेगी। मोबाइल फोन, नशीले पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित या आपत्तिजनक सामग्री लेकर परिसर में प्रवेश नहीं किया जा सकेगा। मतगणना हॉल के अंदर मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा। प्रवेश बिंदुओं पर तैनात दंडाधिकारी और पुलिसकर्मी सघन जांच करेंगे।

तीन बैरियर के आगे वाहनों का प्रवेश नियंत्रित

मतगणना केंद्र के आसपास जाम और भीड़ की स्थिति से निपटने के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। प्रेक्षागृह के पास बने बैरियर, लहेरियासराय स्टेशन मोड़ स्थित बैरियर और समाहरणालय मार्ग पर चिल्ड्रेन पार्क के समीप बने बैरियर के आगे मतगणना केंद्र की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थियों, मतगणना अभिकर्ताओं, मतगणना कर्मियों और जिला स्तरीय पदाधिकारियों के वाहनों को निर्धारित व्यवस्था का पालन करना होगा।

पार्किंग के लिए पोलो मैदान के आंतरिक भाग में अभ्यर्थियों एवं मतगणना अभिकर्ताओं के वाहनों की व्यवस्था की गई है। वहीं, मतगणना कर्मियों और जिला स्तरीय अन्य पदाधिकारियों के वाहन पोलो मैदान के बाहरी परिसर में धरना स्थल के बगल में खड़े किए जाएंगे।

दो पालियों में होगी पुलिसकर्मियों की तैनाती

वरीय पुलिस अधीक्षक ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस उपाधीक्षक, यातायात को संबंधित पदाधिकारियों और पुलिस बल की ब्रीफिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मतगणना कार्य के लिए पुलिसकर्मियों की दो पालियों में प्रतिनियुक्ति की गई है। पहली पाली में तैनात कर्मी दूसरी पाली के कर्मियों के पहुंचकर जिम्मेदारी संभालने तक अपना कर्तव्य स्थल नहीं छोड़ेंगे। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।

ब्रीफिंग में नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।