अपराधियों को ‘बाहुबली’ बताकर महिमामंडन करने वालों पर होगी कार्रवाई, चैनल संचालक भी जांच के दायरे में, गोपालगंज पुलिस की सोशल मीडिया पर नजर, जातिगत द्वेष और सामाजिक वैमनस्य फैलाने वालों को चेतावनी
अपराधियों को ‘बाहुबली’ बताकर महिमामंडन करने वालों पर होगी कार्रवाई, चैनल संचालक भी जांच के दायरे में, गोपालगंज पुलिस की सोशल मीडिया पर नजर, जातिगत द्वेष और सामाजिक वैमनस्य फैलाने वालों को चेतावनी
अपराधियों को ‘बाहुबली’ बताकर महिमामंडन करने वालों पर होगी कार्रवाई, चैनल संचालक भी जांच के दायरे में,
गोपालगंज पुलिस की सोशल मीडिया पर नजर, जातिगत द्वेष और सामाजिक वैमनस्य फैलाने वालों को चेतावनी
दस्तक 7मीडिया /गोपालगंज
सोशल मीडिया पर अपराधियों को ‘बाहुबली’ और अपराध जगत के नायक के रूप में पेश करना अब संबंधित डिजिटल मीडिया संचालकों के लिए कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। गोपालगंज पुलिस ने स्थानीय सोशल मीडिया चैनलों, यूट्यूबर्स और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्मों को चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि अपराधियों का महिमामंडन करने, जातिगत द्वेष फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री के प्रसारण पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गोपालगंज की ओर से 23 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सोशल मीडिया सर्विलांस के दौरान यह बात सामने आई है कि कुछ स्थानीय चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्मों पर जेल से रिहा होकर आने वाले अथवा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे व्यक्तियों के साक्षात्कार प्रसारित किए जा रहे हैं। इनमें ऐसे लोगों को ‘बाहुबली’ जैसी संज्ञा देकर नायक के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है।
चैनल संचालकों और मालिकों की भूमिका की भी होगी जांच
गोपालगंज पुलिस ने कहा है कि अपराधियों का इस तरह महिमामंडन करना सामाजिक हित के प्रतिकूल है। इससे समाज में भय का माहौल बनने, जातिगत उन्माद और भेदभाव बढ़ने तथा सामाजिक वैमनस्य और हिंसा की आशंका पैदा हो सकती है। पुलिस के मुताबिक, ऐसी सामग्री युवाओं को अपराध के प्रति आकर्षित करने और समाज में नकारात्मक संदेश फैलाने का माध्यम भी बन सकती है।
पुलिस ने फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और यूट्यूब समेत सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर सामग्री प्रसारित करने वालों को विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी है। किसी पोस्ट, वीडियो या साक्षात्कार के जरिए अपराध को बढ़ावा देने अथवा सामाजिक शांति और सद्भाव को प्रभावित करने वाली सामग्री के प्रसारण से बचने को कहा गया है।
कानून तोड़ने पर होगी विधिसम्मत कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में केवल संबंधित व्यक्ति ही नहीं, बल्कि चैनल संचालकों और मालिकों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। जांच के दौरान कानून का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
गोपालगंज पुलिस ने डिजिटल मीडिया संचालकों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से जिम्मेदारी के साथ प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया का उपयोग जनहित, सकारात्मक सामाजिक बदलाव और कानून के प्रति सम्मान की भावना मजबूत करने के लिए होना चाहिए, न कि अपराधियों का महिमामंडन करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए ।
दरभंगा में 28 अक्टूबर को जॉब कैम्प, 100 पदों पर होगी बहाली; ₹27 हजार तक मिलेगा वेतन, ITI से लेकर स्नातक पास युवाओं के लिए रोजगार का मौका, 18 से 26 वर्ष के अभ्यर्थी ले सकेंगे हिस्सा
दरभंगा में शराब के बड़े ठिकाने का खुलासा, स्कूटी सवार गिरफ्तार; झाड़ियों से 925 लीटर नेपाली शराब बरामद, स्कूटी से 23.400 लीटर शराब जब्त, गिरफ्तार शंभू यादव की निशानदेही पर पोखर किनारे छिपाकर रखी गई थी भारी खेप