दरभंगा में 28 अक्टूबर को जॉब कैम्प, 100 पदों पर होगी बहाली; 27 हजार तक मिलेगा वेतन,

ITI से लेकर स्नातक पास युवाओं के लिए रोजगार का मौका, 18 से 26 वर्ष के अभ्यर्थी ले सकेंगे हिस्सा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए रोजगार का अवसर मिलने जा रहा है। जिला नियोजनालय की ओर से 28 अक्टूबर, बुधवार को संयुक्त श्रम भवन परिसर में जॉब कैम्प का आयोजन किया जाएगा। इसमें Career Tree के माध्यम से विभिन्न पदों पर कुल 100 अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए साक्षात्कार लिया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 22 हजार से 27 हजार रुपये तक वेतन मिलेगा।

जिला नियोजनालय, दरभंगा के सहायक निदेशक नियोजन ने बताया कि युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में आयोजित यह जॉब कैम्प सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इसमें Trainee Delphi TVS और Associate Technician Stellantis पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।

ITI, डिप्लोमा और स्नातक पास कर सकते हैं आवेदन

इस जॉब कैम्प में ITI, डिप्लोमा, बीए, बीकॉम और बीएससी उत्तीर्ण महिला एवं पुरुष अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की उम्र 18 से 26 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवारों को निर्धारित समय के भीतर आयोजन स्थल पर पहुंचकर साक्षात्कार में शामिल होना होगा।

नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य

जॉब कैम्प में भाग लेने के लिए नियोजनालय में निबंधन कराना अनिवार्य है। अभ्यर्थी भारत सरकार के नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल www.ncs.gov.in पर ऑनलाइन निबंधन कर सकते हैं। इसके अलावा जिला नियोजनालय में पहुंचकर भी निबंधन कराया जा सकता है।

साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा, सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की छायाप्रति, रंगीन फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा अन्य आवश्यक प्रमाणपत्र साथ लाने होंगे।

निःशुल्क होगा जॉब कैम्प

जिला नियोजनालय ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रोजगार के इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। जॉब कैम्प में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा।