दरभंगा के बिरौल पुलिस की कार्रवाई,गस्ती के दौरान बाइक सवार दो तस्कर गिरफ्तार, विदेशी शराब और पल्सर बाइक जब्त

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। जगन्नाथपुर पिकेट प्रभारी एएसआई अनिल तिवारी ने शनिवार देर रात गश्त के दौरान त्वरित कार्रवाई करते हुए भैनी पुल के पास से दो संदिग्ध शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल चार बोतल विदेशी शराब और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।इस लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई से जगन्नाथपुर पिकेट क्षेत्र के शराब कारोबारियों और माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात पिकेट प्रभारी एएसआई अनिल तिवारी अपनी टीम के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान भैनी पुल के निकट एक पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों की गतिविधि संदिग्ध लगी। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को रुकने का इशारा किया। जब पुलिस ने मोटरसाइकिल की डिक्की की तलाशी ली, तो उसमें से 750 एम एल के तीन और 90 एम एल के एक कुल मात्रा चार बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को तुरंत हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उनकी पहचान लव कुमार और राजा कुमार पासवान दोनों ग्राम भैनी थाना बिरौल, जिला दरभंगा के रूप में हुआ। इसी दौरान पुलिस ने शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पल्सर मोटरसाइकिल को भी अपने कब्जे में ले लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज करने और आगे की कानूनी कार्रवाई के बिरौल थाना लाया गया।

खास बात यह है कि एएसआई अनिल तिवारी द्वारा शराब तस्करों पर कसा गया शिकंजा लगातार रंग ला रहा है। महज दो दिन पहले ही एएसआई अनिल तिवारी ने गुप्त सूचना के आधार पर उसरी गांव में एक घर पर छापेमारी की थी। उस कार्रवाई में भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ एक मुख्य शराब कारोबारी को भी धर दबोचा गया था। जगन्नाथपुर पिकेट क्षेत्र में लगातार हो रही इन ताबड़तोड़ पुलिस छापामारी से आसपास के इलाकों में सक्रिय शराब माफियाओं के बीच दहशत का माहौल है। एएसआई अनिल तिवारी का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी को पूरी तरह नेस्तनाबूद करने के लिए इस तरह का विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।