मां दुर्गा के पट खुलते ही बिरौल अनुमंडल क्षेत्र में उमड़ी भारी भीड़, गूंजे जयकारे

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

शरदीय नवरात्र के सप्तमी तिथि पर शनिवार को मां दुर्गा के पट खुलते ही बिरौल अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न स्थायी और अस्थायी पूजा पंडालों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। पट खुलते ही “जय मां दुर्गा” के जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा और चहुंओर भक्तिमय और उल्लासपूर्ण माहौल देखने को मिला।

सप्तमी व्रत के अवसर पर सुबह से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया था। विशेषकर महिलाओं और युवतियों में मां के दर्शन और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। कतारबद्ध होकर भक्तों ने मां कालरात्रि की पूजा की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

अनुमंडल क्षेत्र के दर्जनों पूजा पंडालों को बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुपौल रामनगर, हाटगाछी, बलिया, डुमरी, शिवनगर घाट, तड़बाड़ा, साहो, कमलपुर, पड़री, जमालपुर, पाली, कुशेश्वरस्थान तथा आसपास के अन्य ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में स्थापित पंडालों में सुबह से लेकर देर रात तक भक्तों का आना-जाना जारी रहा।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए पूजा समितियों के कार्यकर्ता और स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखे। प्रमुख मार्गों और पंडाल परिसरों के पास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि मेले का आनंद शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से लिया जा सके।