दुर्गा पूजा को लेकर दरभंगा में डीएम-एसएसपी का फ्लैग मार्च, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा की निगरानी

दुर्गापूजा को लेकर शहर  के प्रमुख चौक-चौराहों से संवेदनशील इलाकों तक पहुंचे अधिकारी,

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

शांतिपूर्ण पूजा संपन्न कराने के लिए पुलिस  पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए शनिवार को जिला प्रशासन और पुलिस ने शहर में व्यापक फ्लैग मार्च किया। जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस लाइन से फ्लैग मार्च निकाला गया। इसमें नगर पुलिस अधीक्षक, सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न थानों के थानाध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल हुए।

फ्लैग मार्च के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इसका उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखना और पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना था।

पुलिस लाइन से निकला फ्लैग मार्च लहेरियासराय टावर चौक, हाजमा चौक, दारू भट्टी, करमगंज, उर्दू बाजार, कोतवाली थाना, नीम चौक, किला घाट, सुभाष चौक, दरभंगा टावर, हसन चौक और इनकम टैक्स चौराहा होते हुए बाग मोड़, कादिराबाद, आजमनगर, शिवधारा और एनएच के रास्ते दिल्ली मोड़ तक पहुंचा।

इसके बाद विद्यापति चौक, दरभंगा स्टेशन, दोनार और अल्लपट्टी सहित अन्य प्रमुख इलाकों में फ्लैग मार्च किया गया। पुलिस टीम कर्पूरी चौक और लहेरियासराय टावर होते हुए वापस पुलिस लाइन पहुंची।

फ्लैग मार्च के साथ हुआ एरिया डोमिनेशन

फ्लैग मार्च के दौरान एरिया डोमिनेशन भी किया गया। इसके तहत विभिन्न इलाकों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी प्रदर्शित करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। प्रशासन और पुलिस का जोर दुर्गा पूजा के दौरान शांति, आपसी सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर है।

इस संयुक्त अभियान में नगर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1, लहेरियासराय, नगर, कोतवाली, विश्वविद्यालय, बेंता और मब्बी थानों के थानाध्यक्षों समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी शामिल रहे।

प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की इस पहल से पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा आम लोगों के बीच विश्वास का माहौल बनाए रखने का संदेश दिया गया।