दुर्गा पूजा पर दरभंगा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 426 स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात, 17 से 20 अक्टूबर तक विशेष चौकसी, जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर जारी; अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
दुर्गा पूजा पर दरभंगा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 426 स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात, 17 से 20 अक्टूबर तक विशेष चौकसी, जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर जारी; अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
दुर्गा पूजा पर दरभंगा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 426 स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात,
17 से 20 अक्टूबर तक विशेष चौकसी, जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर जारी; अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
दुर्गा पूजा के दौरान जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले के संवेदनशील स्थलों सहित कुल 426 स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं, श्रद्धालुओं की सुविधा और आपात स्थिति से निपटने के लिए समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष नंबर 06272-240600 है।
जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जल रेड्डी ने संयुक्त आदेश जारी कर सभी संबंधित पदाधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया है। प्रशासन के अनुसार, 17 अक्टूबर को महासप्तमी, 18 अक्टूबर को महाअष्टमी, 19 अक्टूबर को महानवमी और 20 अक्टूबर को विजयादशमी मनाई जाएगी। प्रतिमा विसर्जन तक सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी।
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी विशेष नजर
प्रशासन ने असामाजिक तत्वों, उपद्रवियों और सांप्रदायिक अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया है। किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। धार्मिक जुलूसों और पूजा पंडालों के लिए जारी अनुज्ञप्ति में यह शर्त अनिवार्य होगी कि किसी भी झांकी, दृश्य या व्यंग्य चित्र से किसी समुदाय, जाति या वर्ग की भावनाएं आहत न हों और सामाजिक वैमनस्य की स्थिति उत्पन्न न हो। निर्देशों का उल्लंघन करने पर संबंधित अनुज्ञप्तिधारकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पूजा समितियों को धार्मिक स्थलों और पंडालों का इस्तेमाल चुनाव प्रचार के लिए नहीं करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने इसे धार्मिक संस्थान (दुरुपयोग पर रोक) अधिनियम, 1988 के तहत दंडनीय बताया है।
24 घंटे सक्रिय रहेगा नियंत्रण कक्ष
जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में उप विकास आयुक्त स्वप्निल रहेंगे। उनके मोबाइल नंबर 9031071442 पर भी संपर्क किया जा सकता है। नियंत्रण कक्ष में पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तैनाती के साथ अश्रुगैस दस्ता और बज्रवाहन तैयार हालत में रखने का निर्देश दिया गया है। अग्निशमन विभाग को भी एक यूनिट तैनात करने को कहा गया है।
जिला मुख्यालय स्थित वीएचएफ नियंत्रण कक्ष 24 घंटे खुला रहेगा। सभी थाना और ओपी अध्यक्षों को वायरलेस सेट चालू रखने तथा नियमित खैरियत प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया गया है। सभी अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। जिन स्थानों पर मुख्यालय स्तर से प्रतिनियुक्ति नहीं हुई है, वहां संबंधित थानाध्यक्ष जरूरत के अनुसार पुलिस बल, चौकीदार और दफादार की तैनाती करेंगे।
पूजा पंडालों में सीसीटीवी, शहर में बैरिकेडिंग
भीड़भाड़ वाले पूजा पंडालों में संदिग्ध और अवांछनीय तत्वों पर नजर रखने के लिए पूजा समितियों के सहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया है। वहीं, श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए 17 अक्टूबर की सुबह से 20 अक्टूबर तक दरभंगा शहरी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग की जाएगी।
प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और थानाध्यक्षों को अपने क्षेत्रों के पूजा स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने को कहा गया है। प्रशासन ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों को हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर और केन शील्ड सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने जिलेवासियों से दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की अफवाह या अव्यवस्था फैलाने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सहनी समाज की बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री ने की शिरकत, एनडीए को मजबूत करने का किया आह्वान, शिक्षा ही समाज के विकास की सबसे बड़ी कुंजी
बेनीबाद में अवैध देसी शराब की मिनी फैक्ट्री का खुलासा, 70 लीटर शराब के साथ एक गिरफ्तार ,गेस सिलेंडर, छह चूल्हे, बाइक और मोबाइल समेत शराब बनाने की सामग्री जब्त