सहनी समाज की बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री ने की शिरकत, एनडीए को मजबूत करने का किया आह्वान, शिक्षा ही समाज के विकास की सबसे बड़ी कुंजी
दूसरों पर नजर रखने के बजाय अपने बच्चों की शिक्षा पर दें ध्यान- डॉ. चौधरी
दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।
“आप किसी की आलोचना करने के बजाय सकारात्मक सोच के साथ समाज को शिक्षित करने में अपना योगदान दें। अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाएं, क्योंकि उनके शिक्षित होने से ही आपका पूरा परिवार और समाज सशक्त बनेगा।” ये प्रेरणादायक और महत्वपूर्ण बातें केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी ने सहनी समाज के प्रमुख गणमान्य लोगों के साथ आयोजित एक विशेष बैठक के दौरान कहीं।बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री श्री चौधरी ने समाज के विकास में आ रही बाधाओं पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि हमारे समाज के अधिकांश लोग अपना खुद का विकास करने के बजाय इस बात पर अधिक ध्यान देते हैं कि दूसरे क्या कर रहे हैं, जो समाज की तरक्की में सबसे बड़ा रोड़ा बना हुआ है। उन्होंने समाज के लोगों से इस संकुचित मानसिकता से ऊपर उठकर आगे बढ़ने की अपील की। इस बैठक में सहनी समाज के प्रमुख लोगों ने अपनी समस्याओं को पूरी प्रमुखता और बेबाकी के साथ मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी ने सभी की बातों को बेहद गंभीरता से सुना और एक स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि सभी लोग पार्टी के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम करें।

