दुर्गा पूजा पर दरभंगा प्रशासन अलर्ट, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई,

पंडालों में सीसीटीवी अनिवार्य, क्यूआरटी और डायल-112 को अलर्ट रहने का निर्देश; ड्यूटी में मोबाइल चलाने वाले पुलिसकर्मियों पर भी होगी कार्रवाई

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दुर्गा पूजा के दौरान शांति-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की तैयारी की है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, विद्युत सुरक्षा की जांच कराने और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया गया है। ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का अनावश्यक इस्तेमाल करने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई होगी।

शुक्रवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विधि-व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में एसडीओ, एसडीपीओ, डीसीएलआर, बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी तरह सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया।

भीड़ और विसर्जन मार्गों पर विशेष निगरानी

जिलाधिकारी ने कहा कि सप्तमी से पूजा पंडालों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगती है। इसे देखते हुए भीड़भाड़ वाले स्थलों को चिह्नित कर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती की जाए। प्रतिमा विसर्जन से पहले तालाबों, पोखरों और अन्य जलाशयों का निरीक्षण कर गहरे एवं जोखिमपूर्ण स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने तथा खतरनाक मार्गों पर स्पष्ट संकेतक लगाने का निर्देश दिया गया।

विसर्जन मार्गों की स्थिति, आवागमन और संभावित भीड़ का आकलन कर पहले से आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया। रावण वध कार्यक्रमों और जुलूसों के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी।

बिजली की लापरवाही पर रहेगी नजर

पूजा पंडालों में विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए थानाध्यक्षों को बिजली विभाग के कनीय अभियंताओं से समन्वय कर कनेक्शन, तारों और विद्युत उपकरणों की जांच कराने का निर्देश दिया गया। सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से गतिविधियों की निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

क्यूआरटी, बाइक गश्ती और डायल-112 रहेंगे सक्रिय

एसएसपी ने एसडीपीओ को अपने क्षेत्रों में क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी), बाइक गश्ती दल और डायल-112 की सक्रियता की जांच करने का निर्देश दिया। थानाध्यक्षों को नियमित रूप से रोको-टोको अभियान चलाने और जरूरत के अनुसार बाइक गश्ती बढ़ाने को कहा गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर सहित जरूरी सुरक्षा उपकरणों के साथ मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया।

नशा करने वाले व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं

बिहार विधान परिषद की शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन प्रक्रिया के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता के अनुपालन पर भी जोर दिया गया। पूजा कार्यक्रमों, जुलूसों और अन्य गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा किसी भी स्थिति में आचार संहिता का उल्लंघन नहीं होने देने का निर्देश दिया गया। सभी अधिकारियों को बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने और लगातार क्षेत्र भ्रमण करने को कहा गया।

बैठक में नगर आयुक्त गरिमा लोहिया और सहायक समाहर्ता कल्पना रावत सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।