दरभंगा में युवती से दुष्कर्म, जबरन गर्भपात और अपहरण का प्रयास, स्थिति गंभीर, डीएमसीएच में भर्ती

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर, दरभंगा।

दरभंगा जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता के भाई  द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उनकी बहन के साथ पिछले एक साल से आशुतोष द्वारा जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किया जा रहा था। शिकायत के अनुसार, युवती के गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर आरोपी आशुतोष (श्रवण सिंह),गया सिंह और सावन देवी ने मिलकर 9 अक्टूबर 2026 की सुबह लगभग 4 बजे युवती का अपहरण कर लिया। पीड़िता को अज्ञात स्थान पर रखकर जबरन जहरीला इंजेक्शन एवं दवा दी गई। जब आरोपियों को पता चला कि मामले की सूचना पुलिस तक पहुंच चुकी है, तो 10 अक्टूबर 2026 की रात लगभग 1 बजे युवती को तुमौल के गाछी (बगीचे) में फेंककर फरार हो गए। इसी रात लगभग 2 बजे विजय सिंह और अन्य अज्ञात लोगों ने पीड़िता के घर पहुंचकर उसके वृद्ध पिता और परिजनों को पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। जहरीले इंजेक्शन और दवा के असर के कारण युवती की हालत बेहद गंभीर हो गई। प्राथमिक उपचार के लिए उसे घनश्यामपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ स्थिति नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया। वर्तमान में युवती की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि शिकायत आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर आकृति कुमारी को सौंपी गई है। पुलिस के बढ़ते दबीश को देखते हुए अभियुक्त अपने आप को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। घनश्यामपुर पुलिस कागजी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।