रैयाम थाना के लंबित कांडों की समीक्षा, त्वरित निष्पादन और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी का निर्देश,

ग्रामीण एसपी ने अनुसंधानकर्ताओं को दिए निर्देश, कांड दैनिकी व थाने की सभी पंजी अद्यतन रखने पर जोर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, दरभंगा ने शुक्रवार को रैयाम थाना में अनुसंधान बैठक कर लंबित एवं प्रतिवेदित कांडों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मामलों के त्वरित निष्पादन, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर सभी अनुसंधानकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 (कमतौल), रैयाम थानाध्यक्ष समेत थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा के क्रम में ग्रामीण एसपी ने लंबित कांडों की प्रगति की जानकारी ली और अनुसंधान में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यकतानुसार माननीय न्यायालय से वारंट एवं कुर्की का आदेश प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

ग्रामीण एसपी ने सभी अनुसंधानकर्ताओं को कांडों का अनुसंधान साक्ष्य आधारित और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही, कांड दैनिकी को नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा अनुसंधान की प्रगति का दैनिक विवरण संधारित करने को कहा। उन्होंने माह के दौरान निष्पादित किए जा सकने वाले कांडों को चिह्नित कर निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

थाना के सभी अभिलेखों एवं पंजी को अद्यतन रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना क्षेत्र में सघन गश्ती करने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने का निर्देश दिया गया। ग्रामीण एसपी ने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों के निष्पादन और अपराध नियंत्रण में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाए।