एसएसपी का नगर व यातायात थाना में औचक निरीक्षण, साफ-सफाई से लेकर अभिलेखों तक की जांच,

नाका-03 और नाका-04 का भी लिया जायजा, व्यवस्था दुरुस्त रखने और निर्देशों का समय पर पालन करने का आदेश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को नगर थाना एवं यातायात थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नगर थाना अंतर्गत नाका-03 और नाका-04 की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। निरीक्षण के क्रम में थाना परिसर की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण और बुनियादी सुविधाओं के रखरखाव को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने थाना परिसर एवं कार्यालय में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और पूरे परिसर को सुव्यवस्थित रखने पर जोर दिया। साथ ही, थाना परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया, ताकि रात के समय पुलिसकर्मियों के साथ-साथ आम लोगों को भी किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान थाना के सभी आवश्यक अभिलेखों एवं पंजियों को अद्यतन और व्यवस्थित रखने तथा संबंधित कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। थाना परिसर में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की नियमित जांच करने और आवश्यकता के अनुसार मरम्मत एवं रखरखाव कराने का भी निर्देश दिया गया।

एसएसपी ने थाना परिसर में स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने पर बल देते हुए आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को सभी निर्देशों का निर्धारित समय के भीतर अनुपालन सुनिश्चित करने और इसकी नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया।

औचक निरीक्षण का उद्देश्य थानों की बुनियादी व्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव और आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं को दुरुस्त रखना बताया गया।