दरभंगा में 681 वाहनों पर कार्रवाई, 51.95 लाख रुपये जुर्माना,

20 अक्टूबर तक चलेगा विशेष वाहन जांच अभियान, वैध कागजात नहीं रखने वालों पर होगी कारवाई

दस्तक 7मीडिया/ दरभंगा

परिवहन विभाग के निर्देश पर जिले में वाहन जांच  तेज कर दिया गया है। 20 अक्टूबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। मोटर वाहन अधिनियम, 1988 (संशोधित 2019) के प्रावधानों के तहत आवश्यक वैध कागजात नहीं रखने वाले वाहनों पर जुर्माना लगाया जा रहा है।

जिला परिवहन पदाधिकारी के अनुसार, 5 से 12 अक्टूबर तक जिला परिवहन कार्यालय की ओर से विभिन्न धाराओं के तहत कुल 681 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान वाहन मालिकों से 51 लाख 95 हजार 91 रुपये की शमन राशि वसूलने के लिए जुर्माना लगाया गया।

परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों से अपने वाहनों के सभी आवश्यक कागजात अद्यतन और वैध रखने की अपील की है। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने का निर्देश दिया गया है।

विभाग के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का अनुपालन कराना है। 20 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी