स्नातक-शिक्षक निर्वाचन: मतदान पदाधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण,

मतपेटिका संचालन से लेकर मतदान की गोपनीयता तक, नियमों के पालन पर जोर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने की तैयारी तेज हो गई है। इसी कड़ी में मंगलवार को प्रेक्षागृह, दरभंगा में द्वितीय एवं तृतीय मतदान पदाधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मतदान कर्मियों को मतपेटिका के संचालन, निर्वाचन प्रक्रिया और उनके दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने मतदान की विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने पर जोर दिया। मतदान पदाधिकारियों को बताया गया कि निर्वाचन के दौरान प्रत्येक प्रक्रिया का सावधानीपूर्वक अनुपालन करना आवश्यक है, ताकि मतदान में किसी तरह की त्रुटि या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

मतपेटिका के समुचित संचालन, मतदान के दौरान अपनाई जाने वाली आवश्यक प्रक्रियाओं और अपने कर्तव्यों के प्रभावी निर्वहन के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, मतदान कर्मियों को मतदाताओं के साथ नियमानुसार व्यवहार करने, मतदान की गोपनीयता बनाए रखने और पूरी प्रक्रिया में निष्पक्षता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मास्टर ट्रेनरों ने मतदान के दौरान सतर्कता बरतने और निर्वाचन से संबंधित सभी निर्धारित नियमों का पालन करने की आवश्यकता बताई। प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदान पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के लिए पूरी तरह दक्ष बनाना है, ताकि स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के दौरान मतदान सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं मतदान कर्मी उपस्थित थे।