पटना प्रमंडल बना अंडर-14 हैंडबॉल चैंपियन, मगध को 14-9 से हराया,

अंडर-19 के फाइनल में पटना और मगध की भिड़ंत, अंडर-17 में एकलव्य दरभंगा के सामने होगी मगध की चुनौती

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

लहेरियासराय स्थित नेहरू स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडलीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 की हैंडबॉल स्पर्धा में पटना प्रमंडल ने अंडर-14 बालक वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। मंगलवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में पटना की टीम ने मगध प्रमंडल को 14-9 से पराजित किया। जीत के साथ ही पटना प्रमंडल के खिलाड़ियों ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

खेल विभाग, पटना, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के तीसरे दिन खिलाड़ियों के बीच जोरदार मुकाबले देखने को मिले।

अंडर-19 बालक वर्ग के पहले सेमीफाइनल में मगध प्रमंडल ने मुंगेर प्रमंडल को बेहद रोमांचक मुकाबले में 17-16 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में पटना प्रमंडल ने मेजबान दरभंगा प्रमंडल को 19-12 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ पटना की टीम भी खिताबी मुकाबले में पहुंच गई।

फाइनल मुकाबले से पहले जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, मेहनत और खेल भावना के साथ मैदान में उतरने के लिए प्रेरित किया।

आज खेले जाएंगे दो खिताबी मुकाबले

प्रतियोगिता के चौथे और अंतिम दिन अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। अंडर-17 वर्ग में एकलव्य दरभंगा और मगध प्रमंडल आमने-सामने होंगे। वहीं, अंडर-19 वर्ग के फाइनल में पटना और मगध प्रमंडल के बीच खिताब के लिए मुकाबला होगा।

कार्यक्रम का मंच संचालन उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, हेडक्वार्टर, बिरौल के शिक्षक केशव कुमार चौधरी ने किया। उनकी प्रभावशाली कमेंट्री और प्रेरणादायक उद्घोषणा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के चयनकर्ता अमित कुमार जायसवाल एवं शाहिद नवैद हसन भी मौजूद रहे।

आयोजन के सफल संचालन में संतोष कुमार वर्मा, श्याम सुंदर, अमन कुमार, आनंद राय, अखिलेश कुमार सिंह, सुमन कुमारी, खुशबू कुमारी और तनु गुरंग सहित अन्य शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खिलाड़ियों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए चिकित्सा टीम भी तैनात रही। टीम में डॉ. बृजेश कुमार, डॉ. बैद्यनाथ प्रसाद, राजेंद्र कुमार, एएनएम रानी कुमारी और प्रियंका कुमारी शामिल थीं।