अज्ञात वाहन की ठोकर से जख्मी भवन निर्माण संवेदक की मौत ,
डीएमसीएच में इलाज के दौरान तोड़ा दम, सिसौनी चौक के पास हादसे के बाद वाहन चालक फरार ,
एक पुत्र और एक पुत्री के सिर से उठा पिता का साया, पोस्टमार्टम परिसर में जुटे परिचित
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
सड़क हादसे में गंभीर रूप से जख्मी मधेपुरा जिले के गमहरिया थाना क्षेत्र के मानपुर गांव निवासी भवन निर्माण संवेदक किसन मंडल (55) की मंगलवार सुबह डीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बेंता थाना की पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पोस्टमार्टम परिसर में मृतक के भाई संदीप कुमार ने बताया कि किसन मंडल भवन निर्माण से जुड़े कार्य करते थे। रविवार को वह बाइक से अपने घर से दरभंगा आ रहे थे। इसी दौरान सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिसौनी चौक के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से जख्मी होने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल मधेपुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें डीएमसीएच रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई।
