रक्सी धार में मिला लापता युवक का शव, मोबाइल से हुई पहचान,

8 अक्टूबर से घर से गायब था सचिन यादव, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस,

परिवार में विवाद की चर्चा, पिता ने झगड़े की बात से किया इनकार; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

हनुमाननगर, दरभंगा।

विशनपुर थाना क्षेत्र के रक्सी धार से सोमवार को एक 22 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी में शव उपलाता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची विशनपुर थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। मृतक की पहचान छोटी डीलाही निवासी रामलखन यादव के पुत्र सचिन यादव के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, शव की तलाशी के दौरान युवक की जेब से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पानी में भीगने के कारण मोबाइल में लगा सिम काम नहीं कर रहा था। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद सिम को सुखाकर चालू किया, जिसके बाद मोबाइल से मिले सुराग के आधार पर मृतक की पहचान हो सकी।

8 अक्टूबर से लापता था युवक

स्थानीय लोगों के अनुसार, सचिन यादव आठ अक्टूबर से ही घर से गायब था। चर्चा है कि परिवार में आपसी मतभेद के कारण वह तनाव में था। इसी आधार पर कुछ लोग आशंका जता रहे हैं कि उसने रक्सी पुल के पास अपनी मोटरसाइकिल खड़ी करने के बाद नदी में छलांग लगा दी होगी। हालांकि, यह अभी केवल स्थानीय लोगों की आशंका है। घटना की परिस्थितियों और युवक की मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

वहीं, मृतक के पिता रामलखन यादव ने परिवार में किसी तरह के झगड़े की बात से इनकार किया है। ऐसे में युवक की मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

विशनपुर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से उसके लापता होने के संबंध में थाने में कोई सूचना नहीं दी गई थी।

थानाध्यक्ष के अनुसार, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। युवक आठ अक्टूबर से कहां था, वह रक्सी पुल तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इन पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना की वास्तविकता सामने आएगी।