दुर्गापूजा  में आग से बचाव को अग्निशमन विभाग का जागरूकता अभियान

पूजा पंडालों में मॉक ड्रिल, पर्चे बांटकर श्रद्धालुओं को बताए आग से बचाव के उपाय

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दुर्गापूजा के दौरान पूजा पंडालों में अग्नि दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिला अग्निशमन सेवा ने सुरक्षा जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत विभिन्न पूजा पंडालों में मॉक ड्रिल आयोजित कर श्रद्धालुओं और पूजा समितियों के सदस्यों को आग से बचाव के तरीके बताए जा रहे हैं। इसके साथ ही पर्चे वितरित कर लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

जिला अग्निशमन सेवा की ओर से पूजा समितियों को सुरक्षित विद्युत सजावट, अग्निशमन यंत्रों के सही इस्तेमाल और आपात स्थिति में सुरक्षित निकास मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जानकारी दी जा रही है। मॉक ड्रिल के माध्यम से आग लगने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि किसी अप्रिय घटना के समय अफरातफरी से बचा जा सके और श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

पूजा पंडालों में बिजली के तारों और सजावटी लाइटों का सुरक्षित इस्तेमाल, आग बुझाने वाले उपकरणों की उपलब्धता तथा निकास मार्ग को अवरोधमुक्त रखना सुरक्षा के लिहाज से बेहद जरूरी है। खासकर भीड़भाड़ वाले पंडालों में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।

जिला अग्निशमन पदाधिकारी, दरभंगा ने सभी पूजा समितियों और आम नागरिकों से अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने सुरक्षित तरीके से दुर्गापूजा मनाने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने पर जोर दिया।

जिला अग्निशमन सेवा का यह अभियान दुर्गापूजा के दौरान संभावित अग्नि दुर्घटनाओं को रोकने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।