दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर जोर, नगर आयुक्त के निर्देश पर उप नगर आयुक्त ने लिया साफ-सफाई का जायजा, पूजा समितियों से पर्यावरण अनुकूल विसर्जन की अपील
दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर जोर, नगर आयुक्त के निर्देश पर उप नगर आयुक्त ने लिया साफ-सफाई का जायजा, पूजा समितियों से पर्यावरण अनुकूल विसर्जन की अपील
दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर जोर,
नगर आयुक्त के निर्देश पर उप नगर आयुक्त ने लिया साफ-सफाई का जायजा, पूजा समितियों से पर्यावरण अनुकूल विसर्जन की अपील
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
दुर्गा पूजा के दौरान शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के लिए नगर निगम ने पहल तेज कर दी है। नगर आयुक्त गरिमा लोहिया के निर्देश पर उप नगर आयुक्त डॉ. जय चंद्र अकेला ने सोमवार को विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंडालों के आसपास साफ-सफाई, कचरा उठाव और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त ने पूजा समितियों के सदस्यों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने लोगों से सुझाव भी प्राप्त किए, ताकि पूजा के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके। पंडालों के आसपास नियमित सफाई सुनिश्चित करने और जमा कचरे का समय पर उठाव करने पर विशेष जोर दिया गया।
जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने पर जोर
नगर निगम की ओर से पूजा समितियों को बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मूर्तियों के निर्माण और विसर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। इसका उद्देश्य पूजा के दौरान पर्यावरण को होने वाले नुकसान को कम करना और जल स्रोतों को प्रदूषित होने से बचाना है।
उप नगर आयुक्त ने पूजा समितियों से स्वच्छता संबंधी निर्देशों का पालन करने और पर्यावरण अनुकूल विसर्जन व्यवस्था अपनाने की अपील की। उन्होंने पर्व के दौरान स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में समिति सदस्यों और स्थानीय लोगों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
नगर निगम की ओर से स्पष्ट किया गया कि स्वच्छता, जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण के साथ त्योहार मनाना सामूहिक जिम्मेदारी है। पूजा समितियों से भी इसमें सक्रिय सहयोग देने की अपील की गई।