नगर पंचायत बिरौल को नगर परिषद बनाने की मांग,विधायक अतिरेख कुमार ने नगर विकास मंत्री को लिखा पत्र

दस्तक 7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

कुशेश्वरस्थान विधानसभा (क्षेत्र सं. 78) से विधायक अतिरेक कुमार ने दरभंगा जिले के बिरौल नगर पंचायत को उत्क्रमित कर ‘नगर परिषद’ का दर्जा दिए जाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के माननीय मंत्री को एक पत्र सौंपा है।

पत्र में विधायक अतिरेक कुमार ने अवगत कराया है कि बिरौल अनुमंडल मुख्यालय होने के बावजूद वर्तमान में यहाँ कार्यरत नगर पंचायत में केवल 11 वार्ड ही शामिल हैं। इसके कारण प्रमुख प्रशासनिक कार्यालय जैसे प्रखंड कार्यालय, अंचल कार्यालय, थाना, अनुमंडल कार्यालय, व्यवहार न्यायालय, निबंधनीय कार्यालय, अनुमंडलीय अस्पताल एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगर पंचायत की सीमा से बाहर अवस्थित हैं। सीमा से बाहर होने की वजह से विभागीय समन्वय स्थापित करने तथा विभिन्न प्रशासनिक कार्यों के संचालन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

विधायक ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि बिरौल नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा भी प्रतिवेदन दिया गया है, जिसमें नगर क्षेत्र का विस्तार करते हुए इसे नगर परिषद में परिवर्तित करना अत्यंत आवश्यक बताया गया है। अनुमंडल मुख्यालय होने के नाते बिरौल नगर परिषद बनने की सभी आवश्यक अहर्ताओं (योग्यताओं) को पूरा करता है।

जनहित और प्रशासनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए, विधायक अतिरेक कुमार ने नगर विकास एवं आवास मंत्री से अनुरोध किया है कि बिरौल नगर पंचायत के विस्तार एवं इसे नगर परिषद में उत्क्रमित (परिवर्तित) करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।