बिरौल में चमेली देवी हत्या कांड में पति ने दर्ज कराया एफआईआर, अपराधियों ने घर में अकेली महिला की गला में चाकू गोदकर हत्या, आभूषण और नकदी लेकर फरार

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।


दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत सहसराम गाँव (वार्ड संख्या 08) में अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक महिला की गला में चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी और घर से कीमती आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए। इस घटना को लेकर मृतका चमेली देवी के पति राम नरेश चौधरी ने एक नामजद और अज्ञात के विरुद्ध थाना में एफआईआर दर्ज कराया है।

उन्होंने बताया कि वे और उनके उनके दोनों बेटे दिल्ली में रहकर काम करते हैं। घर पर चमेली देवी अकेली रहती थीं। पीड़ित पति ने बताया कि उन्होंने मकान निर्माण के कार्य के लिए अपने साले के लड़के के माध्यम से 3 अक्टूबर 2026 को 1,00,000 रुपये भेजे थे। दर्ज एफआईआर में राम नरेश चौधरी ने कहा कि 09 अक्टूबर 2026 की रात इनकी पत्नी चमेली देवी ने फोन कर उन्हें सूचना दी कि ‘मान बिहारी’ तथा कुछ अज्ञात लड़के घर पर आए हैं और फोन कट गया। इसके बाद राम नरेश चौधरी ने कई बार फोन मिलाने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। 10 अक्टूबर 2026 की सुबह पड़ोसियों और परिजनों को घटना की जानकारी मिली। जब घर के अंदर जाकर देखा गया तो चमेली देवी का शव कमरे में लगे पलंग पर खून से लथपथ पड़ा हुआ था। मृतका के गर्दन के बाएं भाग, कंधे और हाथ की उंगलियों पर धारदार हथियार के गंभीर निशान थे। साथ ही मृतका के नाक, कान व गले से सोने-चांदी के आभूषण गायब थे तथा घर में रखी पेटी का ताला खुला हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि इस घटना में शामिल लोगों के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई कर रही है।