थाने से फरार शराब तस्करी का आरोपित विजय कुमार सहनी  गिरफ्तार,

शौचालय जाने के बहाने पुलिस अभिरक्षा से हुआ था फरार, 5.4 लीटर विदेशी शराब के साथ म्यूजियम गुमटी के पास पकड़ा गया था युवक

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा के कोतवाली थाने से पुलिस अभिरक्षा में फरार हुए शराब तस्करी के आरोपित विजय कुमार सहनी  को पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के थाने से फरार होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। शौचालय जाने के बहाने पुलिस की निगरानी से बचकर निकल भागने की घटना ने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और अभिरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए थे।

पुलिस के अनुसार, विजय कुमार सहनी  बहेड़ा थाना क्षेत्र के मोहन गांव का निवासी है। नौ अक्टूबर की रात करीब 12:10 बजे पुलिस ने उसे म्यूजियम गुमटी के पास वाहन जांच के दौरान पकड़ा था। वह पीठ पर बैग लेकर रेलवे स्टेशन की ओर से आ रहा था। पुलिस को देखकर वह पीछे मुड़कर भागने लगा, लेकिन गश्ती दल ने उसे पकड़ लिया।

बैग से मिले थे 30 टेट्रा पैक

तलाशी के दौरान उसके बैग से ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की के 180 मिलीलीटर वाले 30 सीलबंद टेट्रा पैक बरामद किए गए थे। शराब की कुल मात्रा 5.4 लीटर बताई गई थी। इसके बाद पुलिस उसे कोतवाली थाने ले गई थी।

बताया गया कि थाने में रहने के दौरान विजय ने शौचालय जाने की बात कही। इसी दौरान वह पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई थी। आरोपित की तलाश में पुलिस ने छापेमारी शुरू की थी।

फरारी के दौरान हुई चूक

थाने से आरोपित के फरार होने की घटना के बाद यह सवाल उठने लगा था कि पुलिस अभिरक्षा में रहते हुए वह परिसर से बाहर कैसे निकल गया।इस मामले में ओडी पदाधिकारी की लापरवाही सामने आ रही हें।जांच के बाद कारवाई भी की जा सकती हें।

हालांकि, अब विजय कुमार सहनी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को शराब बरामदगी के मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही हें। फरारी की घटना में किसी पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी तय हुई है या नहीं, इस संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।थानाध्यक्ष ने गिरफ्तारी की पुष्टि की हें।