दुर्गापूजा और उर्स को लेकर दरभंगा में ट्रैफिक प्लान जारी, 14 दिनों तक भारी व्यावसायिक वाहनों की नो-एंट्री, रामनगर आईटीआई और गंज चौक पर बसों की पार्किंग, कई जगहों पर ऑटो के ठहराव पर रोक; वन-वे व्यवस्था रहेगी लागू
दुर्गापूजा और उर्स को लेकर दरभंगा में ट्रैफिक प्लान जारी, 14 दिनों तक भारी व्यावसायिक वाहनों की नो-एंट्री,
रामनगर आईटीआई और गंज चौक पर बसों की पार्किंग, कई जगहों पर ऑटो के ठहराव पर रोक; वन-वे व्यवस्था रहेगी लागू
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
दुर्गापूजा और उर्स पर्व के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दरभंगा पुलिस ने ट्रैफिक एवं पार्किंग प्लान जारी किया है। दुर्गापूजा के अवसर पर 10 से 23 अक्टूबर तक शहर में सभी प्रकार के भारी व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, उर्स पर्व के अवसर पर 13 से 16 अक्टूबर तक श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
दरभंगा पुलिस के जारी निर्देश के अनुसार, बहेड़ी की ओर से आने वाली बसों को रामनगर आईटीआई कॉलेज परिसर में पार्क करना होगा। इस ओर से आने वाले व्यावसायिक और चारपहिया वाहनों का परिचालन रामनगर आईटीआई तक सीमित रहेगा। दोपहिया और चारपहिया वाहन समाहरणालय, लहेरियासराय टावर, हाजमा चौक और शोभन होते हुए एकमी से एनएच की ओर जा सकेंगे।
बिरौल और बेनीपुर की ओर से आने वाली बसों एवं अन्य वाहनों के लिए गंज चौक पेट्रोल पंप के पास व्यवस्था की गई है। इन वाहनों को वहां से यू-टर्न लेकर निर्धारित स्थान पर पार्क करना होगा। बेनीपुर की ओर से आने वाले व्यावसायिक वाहन दिलावरपुर दाल मिल से आगे शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
इन जगहों पर होगी पार्किंग
पुलिस ने थाना क्षेत्रवार दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में कैदराबाद बस स्टैंड, गृह रक्षक कमांडेंट कार्यालय के खाली परिसर और श्यामा माई मंदिर के पीछे पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
नगर थाना क्षेत्र में हसन चौक पोस्ट ऑफिस के सामने लक्ष्मेश्वर पब्लिक पुस्तकालय, आयकर चौक के पास और हसन चौक के निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग किया जा सकेगा। मब्बी थाना क्षेत्र में वाहनों को बाजार समिति में पार्क करना होगा। कोतवाली थाना क्षेत्र में मारवाड़ी कॉलेज के साइकिल स्टैंड सहित निर्धारित स्थलों पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
रेलवे स्टेशन और प्रमुख चौकों पर ऑटो रोकने पर प्रतिबंध
दरभंगा रेलवे स्टेशन के बाहरी हिस्से, अल्लपट्टी, दोनार चौक, कैदराबाद बस स्टैंड के सामने सड़क और बेंता चौक पर ऑटो का ठहराव पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बेनीपुर और बिरौल की ओर से दोनार आने वाले भारी एवं व्यावसायिक वाहनों को धरौड़ा चौक से सकरी होते हुए एनएच तथा अन्य निर्धारित मार्गों की ओर जाना होगा।
आपातकालीन वाहनों को मिलेगी छूट
पुलिस के अनुसार, सड़क पर बने ड्रॉप गेट और पूजा पंडालों के बावजूद एंबुलेंस एवं पुलिस वाहनों के आवागमन की व्यवस्था जारी रहेगी। संस्कृत विश्वविद्यालय से बाघमोड़ जाने वाली सड़क अंदर से खुली रहेगी, जिसका उपयोग वैकल्पिक मार्ग के रूप में किया जा सकेगा। वन-वे व्यवस्था सभी वाहनों के लिए लागू रहेगी। ड्रॉप गेट के पास प्रशासनिक वॉलंटियर तैनात रहेंगे, जो वाहन चालकों को पार्किंग में सहयोग करेंगे।
दरभंगा पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मेला घूमने के लिए चारपहिया वाहनों का कम से कम इस्तेमाल करें और वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विशेष परिस्थिति में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है। उर्स पर्व में शामिल होने वाले श्रद्धालु 13 से 16 अक्टूबर तक दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहनों से शहर में आवागमन कर सकेंगे।
थाने से फरार शराब तस्करी का आरोपित विजय कुमार सहनी गिरफ्तार, शौचालय जाने के बहाने पुलिस अभिरक्षा से हुआ था फरार, 5.4 लीटर विदेशी शराब के साथ म्यूजियम गुमटी के पास पकड़ा गया था युवक
गायघाट में 21 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक और दो मोबाइल जब्त