विधान परिषद चुनाव की तैयारियों पर आयुक्त की पैनी नजर,

चार जिलों के अफसरों से लिया अपडेट, मतदान केंद्र से लेकर सुरक्षा तक की समीक्षा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को लेकर चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं। दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तहत आने वाले चार जिलों में मतदान की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। गुरुवार को निर्वाची पदाधिकारी सह दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और बेगूसराय के सहायक निर्वाची पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की।

बैठक में मतदान प्रक्रिया से जुड़ी तैयारियों का बिंदुवार जायजा लिया गया। आयुक्त ने अधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी लेने के साथ शेष तैयारियों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान की पूरी प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से कराई जानी है।

मतदान केंद्रों पर व्यवस्था से लेकर मतपेटिकाओं तक पर फोकस

समीक्षा के दौरान मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं, मतदान कर्मियों की प्रतिनियुक्ति एवं प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री, मतपेटिकाओं की उपलब्धता और सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति पर विशेष चर्चा हुई। आयुक्त ने सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि चुनाव से संबंधित किसी भी व्यवस्था में अंतिम समय की कमी न रहे।

चार जिलों में समन्वय पर जोर

स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में दरभंगा के साथ मधुबनी, समस्तीपुर और बेगूसराय भी शामिल हैं। ऐसे में चारों जिलों के प्रशासनिक समन्वय को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित करने तथा सभी आवश्यक तैयारियों को समय से पूरा करने को कहा।

बैठक में जिलाधिकारी कौशल कुमार, नगर आयुक्त गरिमा लोहिया, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, आयुक्त के सचिव सुशील कुमार मिश्रा समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।