संवेदनशील इलाकों पर नजर, गश्ती और आसूचना बढ़ाने का निर्देश,

डीएम-एसएसपी ने थानाध्यक्षों के साथ की विधि-व्यवस्था की समीक्षा, समन्वय के साथ कार्रवाई पर जोर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में विधि-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने को लेकर बुधवार को प्रेक्षागृह में डीएम कौशल कुमार और एसएसपी जगुनाथ रड्डी की अध्यक्षता में सभी थानाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले की वर्तमान विधि-व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों और संभावित परिस्थितियों को लेकर पुलिस-प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा की गई।

डीएम ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए विधि-व्यवस्था का प्रभावी संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए निरोधात्मक एवं सुरक्षात्मक उपायों को समय रहते लागू करने पर जोर दिया।

एसएसपी ने संवेदनशील स्थलों पर सतत निगरानी रखने और आवश्यकता के अनुसार पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने थानाध्यक्षों और पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित गश्ती बढ़ाने, आसूचना तंत्र को सक्रिय रखने तथा संदिग्ध एवं संवेदनशील गतिविधियों पर लगातार नजर रखने को कहा।

बैठक में अधिकारियों को किसी भी सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय को विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, अनुमंडल पदाधिकारी, डीएसपी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।