बिजली शिकायतों पर अब नहीं चलेगी लापरवाही, एमडी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
बिजली शिकायतों पर अब नहीं चलेगी लापरवाही, एमडी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
बिजली शिकायतों पर अब नहीं चलेगी लापरवाही, एमडी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिले में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था, उपभोक्ता शिकायतों और राजस्व वसूली को लेकर गुरुवार को समाहरणालय स्थित अंबेडकर सभागार में विद्युत आपूर्ति अंचल की विस्तृत समीक्षा की गई। नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों को बिजली आपूर्ति में सुधार और शिकायतों के त्वरित निपटारे को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।
प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए। प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा के भीतर समुचित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर विद्युत विपत्र में सुधार भी तय समय में करने को कहा गया, ताकि बिल संबंधी समस्याओं को लेकर उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।
बैठक में फीडर और वितरण ट्रांसफॉर्मर में खराबी के बाद बिजली आपूर्ति बहाल करने में लगने वाले समय की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि खराबी की स्थिति में आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल हो और इसके लिए क्षेत्रीय स्तर पर प्रभावी निगरानी व्यवस्था विकसित की जाए।
राजस्व वसूली और बिजली बिल के बकाये पर भी बैठक में विशेष जोर रहा। अधिकारियों को निर्धारित राजस्व लक्ष्य हर हाल में पूरा करने तथा बड़े बकायेदारों के खिलाफ नियमानुसार बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। बकाया राशि की वसूली में तेजी लाने को कहा गया।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया। राज्य अतिरिक्त अनुदान, परियोजना कार्य, नए विद्युत शक्ति उपकेंद्रों के निर्माण और नए बिजली कनेक्शन की भी समीक्षा हुई। कार्यकारी एजेंसियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने को कहा गया। अनावश्यक विलंब की स्थिति में संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
बैठक के बाद एमडी राहुल कुमार ने क्षेत्र भ्रमण कर नवनिर्मित रामनगर विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य पर संतोष जताते हुए शेष कार्य को एक सप्ताह में पूरा करने का निर्देश दिया। इसके बाद देकुली में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत कुटीर ज्योति उपभोक्ता के परिसर में लगाए जा रहे सोलर प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए संबंधित एजेंसी को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया।
बैठक में डीएम कौशल कुमार, निदेशक परियोजना आईसी यादव, महाप्रबंधक राजस्व जयजीत राय, मुख्य अभियंता विनोद कुमार, अधीक्षण अभियंता अजय कुमार सहित विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, वरीय प्रबंधक, सहायक एवं कनीय अभियंता, आईटी टीम तथा कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।