गोढेला पेट्रोल पंप के पास गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 26.550 किलो गांजा के साथ तीन गिरफ्तार

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

विशनपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 26.550 किलोग्राम गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक पोको कंपनी का स्मार्टफोन और दो आईटेल कंपनी के मोबाइल हैंडसेट भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर विशनपुर थाना क्षेत्र के गोढेला पेट्रोल पंप के नजदीक कार्रवाई की गई। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र के गंगासार निवासी रामविनोद राय, वैशाली जिले के विदुपुर थाना क्षेत्र के कुत्तुपुर सैदपुर निवासी गुड्डू कुमार और चौकासन निवासी कुंदन कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद गांजा को जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां खपाने की तैयारी थी। साथ ही तस्करी के नेटवर्क में इनके साथ जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।