बिरौल के महवा गांव में नवविवाहिता की संदेहास्पद मौत, पूछताछ के लिए सास हिरासत में, जांच में जुटी पुलिस

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

दरभंगा जिला अंतर्गत बिरौल थाना क्षेत्र के सहसराम पंचायत स्थित महवा गांव में 19 वर्षीय नवविवाहिता की संदेहास्पद स्थिति में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान नारायण जी राय की पत्नी राधा कुमारी (19 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणि दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। घटना के संबंध में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पूछताछ के लिए मृतका की सास लिलु देवी को फिलहाल हिरासत में ले लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका की 6 माह की एक मासूम बच्ची है, जिसका नाम दीपिका है। मां की असामयिक और संदिग्ध मौत के बाद मासूम बच्ची की स्थिति को देखकर स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

खबर लिखे जाने तक मामले में पुलिस को परिजनों अथवा किसी अन्य पक्ष से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था। आवेदन मिलने के बाद पुलिस आगे की विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।