एनएच-27 पर दो युवकों को गोली मारकर बाइक लूटी, दोनों डीएमसीएच में भर्ती,कहीं शराब कनेक्शन तो नहीं ?

बसैला चौक के पास देर रात वारदात, एक के गले तो दूसरे की जांघ में लगी गोली · लेन-देन के विवाद की आशंका, पुलिस खंगाल रही घटना के सभी पहलू

दस्तक 7 मीडिया ,दरभंगा/अफजल खान 

सदर थाना क्षेत्र के एनएच-27 स्थित बसैला चौक के पास बुधवार देर रात अपराधियों ने दो युवकों को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया और उनकी बाइक लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए डीएमसीएच की इमरजेंसी में भर्ती कराया। एक युवक के गले और दूसरे की जांघ में गोली लगी है।

घायलों की पहचान सोनकी थाना क्षेत्र के चिकनी गांव निवासी अजीत मंडल के पुत्र बजरंगी मंडल (18) और रमेश कुमार मंडल के पुत्र श्रवण मंडल (27) के रूप में हुई है। दोनों आपस में दोस्त हैं और दिल्ली के पराठा गली में हलवाई का काम करते हैं। बताया गया कि दोनों करीब एक सप्ताह पहले ही दिल्ली से घर लौटे थे।

बताया जाता है कि बुधवार को दोनों अलग-अलग बाइक से श्रवण की बहन के ससुराल सिंहवाड़ा प्रखंड के अरई सढ़वारा गांव गए थे। वहां से देर रात दोनों वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बसैला चौक के पास अज्ञात हमलावरों ने उन्हें रोककर गोली मार दी। इसके बाद अपराधी उनकी बाइक लेकर फरार हो गए।

घटना के पीछे लेन-देन से जुड़े विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस गोलीबारी, बाइक लूट और आपसी विवाद समेत सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के वास्तविक कारण का पता लगाने में जुटी है।

दोनों घायलों का डीएमसीएच में इलाज चल रहा है। पुलिस उनके बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।