बीएमपी-13 कैंटीन में खाना खाने के बाद 37 जवान बीमार
दोपहर के भोजन के बाद अचानक पेट दर्द और उल्टी की शिकायत, ज्यादातर महिला सिपाही; डीएमसीएच इमरजेंसी में कराया गया भर्ती

दस्तक 7 मीडिया ,दरभंगा /अफजल खान 

दरभंगा के बीएमपी-13 परिसर स्थित कैंटीन में बुधवार दोपहर खाना खाने के बाद 37 पुलिस जवानों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। बीमार जवानों में ज्यादातर महिला सिपाही शामिल हैं। प्राथमिक तौर पर मामला फूड प्वाइजनिंग का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, जवानों ने दोपहर के भोजन में चावल, दाल, रोटी और मशरूम की सब्जी खाई थी। भोजन करने के कुछ घंटे बाद करीब चार बजे से कई जवानों को अचानक तेज पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बीमार जवानों की संख्या बढ़ने लगी।

कैंपस में प्राथमिक उपचार के बाद डीएमसीएच भेजा

तबीयत बिगड़ने पर बीएमपी-13 परिसर में ही जवानों का प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद स्थिति को देखते हुए उन्हें वाहनों से डीएमसीएच भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर सभी जवानों को इमरजेंसी के ट्रायेज एरिया में रखा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

अस्पताल प्रशासन की ओर से बीमार जवानों के उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई है। वहीं, जवानों की संख्या बढ़ने की आशंका को देखते हुए अस्पताल प्रशासन अलर्ट है।

बीमार जवानों में सत्येंद्र सिंह, प्रियंका कुमारी, हिना कुमारी, सुष्मिता कुमारी, बृजकिशोर कुमार, शालो कुमारी, राखी कुमारी, स्वीटी कुमारी, ललित पासवान, प्रिया कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, रिचा कुमारी, रूपा कुमारी, नीलू कुमारी, ममता कुमारी, उषा कुमारी, ज्योति कुमारी, मीना कुमारी, पूजा कुमारी, अनुष्का कुमारी, नेहा, सपना कुमारी, दिव्या कुमारी, अनुराधा कुमारी, बबीता कुमारी, वीणा कुमारी, निर्जला कुमारी, कोमल कुमारी और रागिनी कुमारी सहित अन्य जवान शामिल हैं।