प्रजातंत्र की रक्षा और तानाशाही के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन का राज्यव्यापी प्रदर्शन, बिरौल व गौड़ा बौराम में फूंका गृहमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

प्रजातंत्र की रक्षा और तानाशाही शक्तियों के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन की समन्वय समिति के राज्यव्यापी आंदोलनात्मक आह्वान के तहत बुधवार को बिरौल और गौड़ा बौराम, कुशेश्वरस्थान प्रखंड मुख्यालयों में संयुक्त विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्य चुनाव आयुक्त से तत्काल अपने पद से त्यागपत्र देने की मांग उठाई।

बिरौल प्रखंड कार्यालय पर आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व राष्ट्रीय जनता दल के प्रखंड अध्यक्ष कैलाश कुमार ने किया। प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। मौके पर सीपीएम के रघुनाथ झा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी माले के वैद्यनाथ यादव, आरजेडी के कैलाश चौधरी, अफजल अली, गणेश पासवान तथा कांग्रेस के अजय चौधरी समेत गठबंधन के स्थानीय प्रमुख नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।दूसरी ओर, गौड़ा बौराम प्रखंड मुख्यालय पर आरजेडी प्रखंड अध्यक्ष अजय यादव के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर दोनों प्रखंडों में गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने आक्रोश प्रकट करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया। पूर्व से निर्धारित इस आंदोलनात्मक कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में विधि-व्यवस्था कायम रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। प्रखंड कार्यालय परिसर से लेकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी संतोष कुमार के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। शांति-व्यवस्था बनाए रखने और स्थिति पर नजर रखने के लिए एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक सह पर्यवेक्षी पदाधिकारी अमृत लाल वर्मन, थानाध्यक्ष चंद्र मणि एवं अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ पूरे क्षेत्र में लगातार गश्त करते देखे गए