दरभंगा:फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर छात्रा को ब्लैकमेल करने का मामला, साइबर थाने में एफआईआर के बजाय दर्ज हुआ सनहा

दस्तक 7 मिडिया, दरभंगा।

दरभंगा। सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर तस्वीरों का गलत इस्तेमाल करने और ब्लैकमेल करने का एक गंभीर मामला दरभंगा में सामने आया है। घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के गोईमिश्र लगमा गांव की निवासी और दरभंगा में रहकर पढ़ाई करने वाली छात्रा काजल कुमारी ने इस संबंध में साइबर थाना, दरभंगा में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।पीड़िता के अनुसार, घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के कसौर गांव निवासी आयुष कुमार झा ने उसके नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल करके इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अलग-अलग फर्जी आईडी बना ली हैं। आरोपी इन आईडी के जरिए तस्वीरें वायरल कर ब्लैकमेल कर रहा है और छात्रा की छवि को धूमिल करने की कोशिश कर रहा है। आवेदन में बताया गया है कि लगभग एक वर्ष पूर्व भी आरोपी ने इस तरह की हरकत की थी। उस समय परिजनों को जानकारी मिलने पर ग्राम पंचायत के सरपंच के समक्ष पंचायती बुलाई गई थी। पंचायती में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हुआ था, जिसका लिखित ‘पंचायतनामा’ भी पीड़िता के पास उपलब्ध है। हालांकि, ठीक एक साल बाद आरोपी ने फिर से फर्जी आईडी बनाकर तस्वीरें वायरल करना और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।लगातार हो रही ब्लैकमेलिंग और साइबर उत्पीड़न के कारण छात्रा मानसिक रूप से बेहद परेशान और तंग आ चुकी है। पीड़िता ने आवेदन के साथ पंचायतनामे की कॉपी संलग्न करते हुए साइबर थाना अध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि संबंधित इंस्टाग्राम आईडी बंद हो गई है। एफआईआर दर्ज कराने के लिए डीएसपी से बात करने को कहा गया है। मालूम हो कि शिकायत के साथ सोशल मिडिया आईडी कै लिंक भी थाना को उपलब्ध कराए हैं। पीड़िता ने प्रथम आवेदन साइबर थाना में 11 सितंबर को और दुसरा आवेदन 26 सितंबर को देते हुए मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग थानाध्यक्ष से की, लेकिन इस तरह के गंभीर मामले में साइबर थाना ने एफआईआर करने के बजाय सनहा दर्ज कर उसे ठंडे बस्ते में डाल दिया।