ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात युवक की मौत, 25 मिनट रुकी स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस,

दाहिने हाथ पर लिखा मिला ‘सुजीत’, पहचान के लिए 72 घंटे सुरक्षित रहेगा शव

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान 

दरभंगा-सकरी रेलखंड पर दरभंगा और काकरघाटी रेलवे स्टेशन के बीच बुधवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद जयनगर से नई दिल्ली जाने वाली स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस करीब 25 मिनट तक काकरघाटी स्टेशन पर खड़ी रही। रेल परिचालन प्रभावित होने से यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के चालक ने रेलवे कंट्रोल को ट्रैक पर युवक के कटने की सूचना दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ कमांडर पोखराज मीणा टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग के कर्मियों ने ट्रैक से शव को हटाया, जिसके बाद रेल परिचालन बहाल किया गया।

घटनास्थल होम सिग्नल से बाहर होने के कारण विश्वविद्यालय थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उसके पास से कोई पहचान पत्र या ऐसा दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके।

हालांकि, मृतक के दाहिने हाथ पर ‘सुजीत’ लिखा हुआ मिला है। पुलिस को उम्मीद है कि इस निशान के आधार पर मृतक की पहचान में मदद मिल सकती है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में युवक के लापता होने की सूचना की भी पड़ताल कर रही है।

विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए शव को 72 घंटे तक शीतगृह में सुरक्षित रखा जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।