मतगणना की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, नया खेल भवन का किया निरीक्षण

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार ने नया खेल भवन पहुंचकर प्रस्तावित मतगणना स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने मतगणना कक्ष, उपलब्ध स्थान, आधारभूत सुविधाओं, कर्मियों एवं संबंधित लोगों के प्रवेश-निकास, सुरक्षा व्यवस्था समेत मतगणना प्रक्रिया के सुचारु संचालन के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से अब तक की तैयारियों की स्थिति भी जानी।

जिलाधिकारी ने उप निर्वाचन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि मतगणना से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने मतगणना स्थल पर प्रवेश व्यवस्था को व्यवस्थित रखने तथा अनधिकृत लोगों के प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने को कहा।

डीएम ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतगणना के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए प्रवेश-निकास व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और आवश्यक सुविधाओं की पहले से समुचित तैयारी सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।