दरभंगा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिरौल सब्जी मंडी के पास चाय दुकान से गांजा बरामद, दो महिलाएं गिरफ्तार एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में हुई छापेमारी,443 ग्राम अवैध गांजा जब्त

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

दरभंगा जिले के नगर पंचायत बिरौल अंतर्गत सब्जी मंडी के समीप पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा कारोबार का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक चाय की दुकान में छापेमारी कर 443 ग्राम गांजा बरामद करने के साथ ही इस अवैध धंधे में संलिप्त दो महिलाओं को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह सफल कार्रवाई एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में पूरी की गई। मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए एसडीपीओ श्री तिवारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बलिया गांव निवासी हीरा देवी नाम की महिला नगर पंचायत बिरौल स्थित सब्जी मंडी के पास गांजा की आपूर्ति और बिक्री करने आती है। सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए रणनीति बनाई। सूचना के सत्यापन के तुरंत बाद डॉग स्क्वायड की टीम के साथ पु.अ.नि. मुन्नी कुमारी ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। सब्जी मंडी के निकट स्थित चाय दुकान की बारीकी से सघन तलाशी ली गई। जांच के दौरान दुकान के भीतर रखे एक झोले से 443 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। मौके से पुलिस ने गांजा की सप्लाई देने आई महिला हीरा देवी (निवासी बलिया) और बिक्री में उसका लगातार सहयोग कर रही चाय दुकान की संचालिका, दोनों को हिरासत में ले लिया। इस पूरी छापेमारी की कार्रवाई के दौरान एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के साथ थानाध्यक्ष चन्द्र मणि, पु.अ.नि. मुन्नी कुमारी तथा दंडाधिकारी के रूप में एमओ राजीव कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। पुलिस गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।