सदर अस्पताल गंगवाड़ा में जल्द बढ़ेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं, डीएम ने तैयारियों का लिया जायजा,

आईपीडी, इमरजेंसी, आईसीयू और 24 घंटे प्रसव सेवा शुरू करने की तैयारी तेज, मूलभूत सुविधाएं समय पर पूरा करने का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

सदर अस्पताल, गंगवाड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं के दूसरे चरण के विस्तार की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने मंगलवार को अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आईपीडी, इमरजेंसी, आईसीयू और 24 घंटे प्रसव सेवा शुरू करने के लिए चल रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर निर्माण कार्य, आधारभूत संरचना, चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं और अन्य तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से दूसरे चरण में शुरू होने वाली सेवाओं के संचालन को लेकर अब तक की गई तैयारियों की भी जानकारी प्राप्त की।

डीएम ने कहा कि दूसरे चरण में आईपीडी, इमरजेंसी, आईसीयू और 24 घंटे प्रसव सेवा शुरू होने से जिले के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर और व्यापक चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। गंभीर मरीजों और प्रसव संबंधी मामलों में भी तत्काल उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बीएमएसआईसीएल के अधिकारियों को अस्पताल की सभी मूलभूत सुविधाएं और आवश्यक कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया। बिजली, पानी, स्वच्छता, आवश्यक चिकित्सा उपकरण तथा मरीजों और परिजनों के लिए जरूरी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा।

मरीजों से लिया फीडबैक

निरीक्षण के बाद डीएम ने अस्पताल में इलाजरत मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने चिकित्सकीय सेवाओं, दवा, जांच और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का उद्देश्य प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण और सुगम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। सदर अस्पताल गंगवाड़ा में चरणबद्ध तरीके से सुविधाओं का विस्तार कर स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, डीएमसीएच अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्रा, उपाधीक्षक डॉ. अमित कुमार झा, प्रभारी उपाधीक्षक सदर अस्पताल गंगवाड़ा सह स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुप्रिया नारायण, डीपीएम स्वास्थ्य प्रभात कुमार राजू, डीसीएम रवि कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।