प्रमंडलीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में दूसरे दिन खिलाड़ियों ने दिखाया दम,

एथलेटिक्स में दरभंगा, मधुबनी व समस्तीपुर के खिलाड़ियों का दबदबा, बास्केटबॉल में दरभंगा व समस्तीपुर बने विजेता

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

प्रमंडल स्तरीय अंतर जिला विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 के दूसरे दिन मंगलवार को खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। खेल विभाग, बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग में एथलेटिक्स, बास्केटबॉल एवं खो-खो के मुकाबले हुए।

नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय समेत निर्धारित खेल स्थलों पर आयोजित एथलेटिक्स मुकाबलों में विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 400 मीटर बालक वर्ग में दरभंगा के आदित्य चौधरी प्रथम, समस्तीपुर के सीमांत कुमार द्वितीय और मधुबनी के चंदन कुमार तृतीय रहे। 400 मीटर बालिका वर्ग में दरभंगा की प्रीति कुमारी प्रथम, समस्तीपुर की नेहा कुमारी द्वितीय और मधुबनी की सोनी कुमारी तृतीय रहीं।

अंडर-14 बालिका 400 मीटर में दरभंगा की साक्षी रानी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि मधुबनी की रितिका कुमारी द्वितीय और राधा कुमारी तृतीय रहीं। अंडर-14 बालक वर्ग में मधुबनी के हर्ष कुमार प्रथम, दरभंगा के शिवम यादव द्वितीय और समस्तीपुर के अनमोल कुमार तृतीय रहे।

अंडर-17 बालिका 400 मीटर में समस्तीपुर की रिया कुमारी प्रथम, दरभंगा की ईशा कुमारी द्वितीय और रितिका कुमारी तृतीय रहीं। अंडर-17 बालक वर्ग में मधुबनी के प्रिंस कुमार प्रथम, दिव्यांशु रंजन द्वितीय और समस्तीपुर के अभिषेक कुमार तृतीय रहे। 100 मीटर अंडर-14 बालक वर्ग में मधुबनी के शिवकुमार सदा प्रथम, दरभंगा के तुषार राज द्वितीय और सावन कुमार तृतीय रहे।

600 मीटर अंडर-14 बालिका वर्ग में मधुबनी की ज्योति कुमारी प्रथम, दरभंगा की मंतशा द्वितीय और साक्षी रानी तृतीय रहीं। अंडर-14 बालिका ऊंची कूद में दरभंगा की दीक्षा सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

बास्केटबॉल में दरभंगा और समस्तीपुर का जलवा

बास्केटबॉल के अंडर-14 बालक वर्ग में दरभंगा विजेता और समस्तीपुर उपविजेता रहा। वहीं अंडर-17 बालक वर्ग में समस्तीपुर ने बाजी मारी, जबकि दरभंगा उपविजेता रहा। खो-खो के विभिन्न वर्गों में भी रोमांचक मुकाबले हुए। खिलाड़ियों ने तेज गति, बेहतर तालमेल और रणनीति के साथ जीत के लिए पूरा जोर लगाया।

जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार ने कहा कि प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच उपलब्ध करा रही है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, खेल भावना और पूरी मेहनत के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।

उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर को कबड्डी, साइकिलिंग एवं रग्बी के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता के सफल संचालन में तकनीकी पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन और विभिन्न खेल विधाओं के परिणाम संधारण की जिम्मेदारी भी संबंधित शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों ने संभाली।