इंस्टाग्राम पर पिस्टल दिखाकर वीडियो डालना पड़ा भारी, पांच गिरफ्तार,

सिंहवाड़ा में अवैध हथियार के प्रदर्शन का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई, देशी कट्टा, शराब और वाहन बरामद

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा/सिंहवाड़ा

सोशल मीडिया पर अवैध हथियार का प्रदर्शन कर वीडियो पोस्ट करना सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के कुछ युवकों को भारी पड़ गया। इंस्टाग्राम पर पिस्टल के साथ बनाया गया वीडियो पुलिस के संज्ञान में आने के बाद दरभंगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार तथा एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक देशी कट्टा, छह मोबाइल, 49.755 लीटर विदेशी शराब, एक स्वीफ्ट डिजायर कार, एक मोटरसाइकिल और एक साइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, एक चारपहिया वाहन में तीन युवकों द्वारा पिस्टल रखकर वीडियो बनाया गया था। इसे इंस्टाग्राम आईडी monester_yoge… से पोस्ट किया गया। वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष तक पहुंचा। इसकी सूचना वरीय पुलिस पदाधिकारी को दी गई। निर्देश के बाद थाना स्तर पर टीम गठित कर वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान शुरू की गई।

स्थानीय लोगों, गुप्तचरों और चौकीदार के माध्यम से पहचान कराई गई तो वीडियो में चालक की सीट पर बैठे युवक की पहचान मनीष कुमार यादव, उसके बगल में बैठे युवक की पहचान योगेश कुमार उर्फ लड्डू तथा बीच वाली सीट पर बैठे युवक की पहचान बबन कुमार के रूप में हुई। तीनों सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।

गाछी में छापेमारी, शराब के साथ तीन पकड़ाए

पुलिस ने आरोपितों के बारे में आसूचना जुटाई तो पता चला कि ये लोग सनहपुर स्थित गोपालदास उर्फ मंत्रीजी की गाछी में रहते हैं। पुलिस टीम ने सादे लिबास और वर्दी में वहां छापेमारी की। मौके से तीन युवकों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान तीन मोबाइल, एक देशी कट्टा और 273 बोतलों में कुल 49.755 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।

पूछताछ में वाहन के संबंध में बताया गया कि वीडियो में दिख रही स्वीफ्ट डिजायर कार संख्या BR01FF-7383 मनीष यादव की है। पुलिस ने वाहन को बरामद कर लिया।

तालाब में फेंका हथियार, गोताखोरों ने भी की तलाश

वीडियो में दिखाई दे रहे पिस्टल के संबंध में मनीष यादव ने पुलिस को बताया कि हथियार प्रवीन कुमार ठाकुर के पास रख दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने मुजफ्फरपुर जिले के जजुआर थाना क्षेत्र स्थित प्रवीन कुमार ठाकुर के घर पर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचने की भनक लगने पर प्रवीन ने वीडियो में दिख रहे हथियार को तालाब में फेंक दिया।

पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तालाब में हथियार की तलाश कराई, लेकिन वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार बरामद नहीं हो सका।

शराब सप्लाई का भी खुलासा

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार मनीष यादव और योगेश कुमार उर्फ लड्डू ने पूछताछ में बताया कि वे प्रवीन कुमार और गुरुदेव भरत के यहां से विदेशी शराब लाकर सप्लाई करते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

 बरामद सामानों में 

एक देशी कट्टा छह मोबाइल फोन,एक स्वीफ्ट डिजायर कार,एक मोटरसाइकिल, एक साइकिल
एवं 49.755 लीटर विदेशी शराब हें।

पुलिस ने मामले में योगेश कुमार उर्फ लड्डू, रोहित कुमार, मनीष कुमार, प्रवीन कुमार ठाकुर और बबन कुमार को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। कार्रवाई में सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष पु०अ०नि० बसंत कुमार के नेतृत्व में पु०अ०नि० निलेश कुमार, सुरेन्द्र कुमार सिंह, कमलेश कुमार मिश्र, शम्भु कुमार सिंह, संजय कुमार एवं थाना रिजर्व बल शामिल रहे।