बिरौल में पीएम आवास योजना की सूची पर बवाल, नेउरी में 700 पात्र वंचित, पटनिया में संपन्न व डीलरों के नाम शामिल होने के आरोप

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

बिरौल अनुमंडल क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना की हालिया जारी सूची को लेकर व्यापक असंतोष और हंगामा खड़ा हो गया है। सैकड़ों पात्र लाभार्थियों के नाम सूची से गायब होने के कारण ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासनिक कर्मियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। बेघर और गरीब लाभार्थियों ने पंचायत प्रतिनिधियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं, जबकि प्रतिनिधियों ने इसका ठीकरा सर्वेक्षण कर्मियों पर फोड़ा है।

स्थानीय प्रतिनिधियों का तर्क है कि आधिकारिक सूची जारी होने से पहले पंचायत के वार्डों में धरातलीय सर्वेक्षण करने आए कर्मियों ने भारी धांधली की है। आरोप है कि जांच कर्मियों की मिलीभगत और साठगांठ के कारण योजना के वास्तविक और सबसे ज्यादा हकदार गरीबों के नाम जानबूझकर काट दिए गए। नेउरी पंचायत के स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार 700 से अधिक अत्यंत गरीब और बेघर परिवार इस महत्वाकांक्षी योजना के लाभ से पूरी तरह वंचित रह गए हैं। पटनिया पंचायत में स्थिति और भी चौंकाने वाली है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रकाशित सूची में 90 प्रतिशत नाम ऐसे लोगों के दर्ज हैं जो आर्थिक रूप से पूरी तरह सुखी-संपन्न हैं। इनमें स्थानीय राशन डीलर और आंगनबाड़ी केंद्र संचालकों के नाम तक शामिल कर दिए गए हैं, जबकि असल जरूरतमंदों को दरकिनार कर दिया गया है। इस पूरे मामले और ग्रामीणों के बढ़ते जनाक्रोश के बीच बीडीओ प्रदीप कुमार झा ने बताया कि इस संबंध में फिलहाल उन्हें कोई लिखित या आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। सूचना या शिकायत मिलने पर मामले की नियमानुसार जांच कराई जाएगी।