बिरौल में पंचायत सरकार भवनों का ऑनलाइन निरीक्षण, सभी 10 भवन पूरी तरह मिले संचालित, जीपीएस से दर्ज हुई कर्मियों की हाजिरी,

सांकेतिक विरोध के बावजूद मुस्तैद दिखे अधिकारी, आरटीपीएस व विकास कार्यों की लगातार हो रही प्रभावी मॉनिटरिंग

दस्तक 7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

बिरौल प्रखंड क्षेत्र की पंचायतों में प्रशासनिक पारदर्शिता और सरकारी सेवाओं की सुलभता सुनिश्चित करने के लिए प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी श्री रमेश कुमार द्वारा सोमवार को एक विशेष ऑनलाइन निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस औचक जांच के दौरान प्रखंड में संचालित सभी 10 पंचायत सरकार भवनों का जायजा लिया गया, जहाँ सभी केंद्र पूर्ण रूप से क्रियान्वित एवं सुचारू रूप से संचालित पाए गए। निरीक्षण के क्रम में पंचायत सरकार भवनों में तैनात कार्यपालक सहायकों एवं डाटा एंट्री ऑपरेटरों की उपस्थिति की गहन पड़ताल की गई। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी कर्मियों द्वारा जीपीएस-टैग्ड तस्वीरों के माध्यम से अपनी रियल-टाइम उपस्थिति प्रेषित की गई। निरीक्षण में सभी कर्मी अपने कर्तव्य पर तैनात मिले, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के आम लोगों को मिलने वाली डिजिटल व प्रशासनिक सेवाओं में कोई बाधा नहीं आई। उल्लेखनीय है कि पंचायती राज विभाग, पटना के सचिव द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों के आलोक में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी संघ के सांकेतिक विरोध में रहने के बावजूद प्रशासनिक जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा सांकेतिक विरोध के बीच भी ग्राम पंचायत स्तर पर निर्मित पंचायत सरकार भवनों, पंचायत स्तरीय आरटीपीएस केंद्रों तथा अन्य समस्त विकास योजनाओं की कुशल एवं सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। इस तरह की डिजिटल निगरानी व्यवस्था से जहाँ एक ओर सरकारी कर्मियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित हो रही है, वहीं दूसरी ओर दूर-दराज के ग्रामीणों को जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र व अन्य आरटीपीएस सेवाओं के लिए प्रखंड मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ रहा है।