अपराध गोष्ठी में एसएसपी के सख्त निर्देश, पूजा पंडालों में CCTV और DJ पर पूर्ण प्रतिबंध,
सितंबर में बेहतर कांड निष्पादन करने वाले पुलिस पदाधिकारी व थानाध्यक्ष हुए पुरस्कृत, अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को लेकर दिए कई अहम निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के कार्यालय में सोमवार को सितंबर माह-2026 की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें नगर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण एसपी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डीएसपी, अंचल पुलिस निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए। बैठक में थानावार लंबित कांड, सितंबर में दर्ज हुए मामलों और निष्पादित कांडों की समीक्षा की गई। हत्या, डकैती, लूट, दहेज हत्या समेत विभिन्न शीर्षों के मामलों की स्थिति पर एसएसपी ने विस्तृत समीक्षा की।
अपराध गोष्ठी के दौरान CHILD HELP DESK/CHILD CORNER को व्यवस्थित और बच्चों के अनुकूल बनाने में बेहतर कार्य करने वाले थानाध्यक्षों को प्रशस्ति पत्र एवं नगद राशि देकर सम्मानित किया गया। मनीगाछी थानाध्यक्ष को 3000, बड़गांव को 2000, मब्बी/मोरो को 3000, महिला थाना को 5000, सिमरी को 2000, नगर थाना को 2000, बिरौल को 3000 और लहेरियासराय थानाध्यक्ष को 3000 रुपये की नगद राशि दी गई।
इसी क्रम में घनश्यामपुर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक प्रशांत कुमार को सितंबर में 10 कांडों का निष्पादन करने पर प्रशस्ति पत्र एवं 2000 रुपये से पुरस्कृत किया गया। वहीं महिला सिपाही लीला कुमारी, जो वर्तमान में मधुबनी जिला बल में पदस्थापित हैं, को अलीनगर थाना के वर्ष 2023 से पूर्व के सभी FIR एवं लंबित कार्यों को CCTNS पर अपलोड करने के लिए प्रशस्ति पत्र और 5000 रुपये की राशि दी गई।

