छात्राओं की सुरक्षा के लिए ‘पुलिस दीदी’ का विशेष अभियान,राजेन्द्र सरस्वती शिशु मंदिर पहुंच कर पीएसआई ने सुनी समस्याएं, साझा किया मोबाइल नंबर

दस्तक 7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

बिरौल क्षेत्र में महिला व छात्रा सुरक्षा को सुदृढ़ करने और छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से बिरौल थाना की ‘पुलिस दीदी’ टीम शनिवार को विशेष अभियान के तहत सड़कों और शिक्षण संस्थानों में नजर आई। पुलिस दीदी प्रभारी सह पीएसआई पूजा कुमारी ने स्वयं स्कूल और कोचिंग सेंटर की छात्राओं के बीच पहुंचकर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। शनिवार को पीएसआई पूजा कुमारी सबसे पहले बिरौल हॉस्पिटल चौक स्थित राजेन्द्र सरस्वती शिशु विद्या मंदिर और तत्पश्चात स्टेट हाईवे 56 पर स्थित कोचिंग सेंटर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित किया और उनकी सुरक्षा, राह चलते होने वाली परेशानियों तथा अन्य समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। संवाद के दौरान पीएसआई पूजा कुमारी ने छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें किसी भी डर या संकोच को त्यागने की सलाह दी। उन्होंने छात्राओं को आश्वस्त किया कि पुलिस हर स्थिति में उनके साथ खड़ी है। किसी भी प्रकार की छेड़खानी, संदिग्ध गतिविधि या आपातकालीन स्थिति में तुरंत मदद पाने के लिए उन्होंने अपना मोबाइल नंबर भी छात्राओं के साथ साझा किया। पुलिस दीदी को खास कर छात्राओं के स्कूल, कोचिंग सेंटर जाने और आने के समय सड़कों पर चौकसी करते अक्सर देखा जाता है। पुलिस दीदी की इस पहल की स्कूल व कॉलेज प्रबंधन के साथ-साथ छात्राओं और स्थानीय अभिभावकों ने काफी सराहना की है।