बिरौल के सुपौल मौजा में 6 अक्टूबर को लगेगी भू-सर्वेक्षण आम सभा, किश्तवार कार्य की दी जाएगी जानकारी

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

बिहार विशेष सर्वेक्षण कार्यक्रम के तहत दरभंगा जिले के बिरौल अंचल अंतर्गत आने वाले सभी राजस्व ग्रामों में भू-सर्वेक्षण का कार्य प्रगति पर है। इसी क्रम में सुपौल मौजा के भू-धारियों एवं रैयतों को सर्वेक्षण और किश्तवार (सीमांकन व नक्शा) कार्यों की प्रक्रिया तथा उनकी सहभागिता के बारे में विस्तृत जानकारी देने के लिए एक विशेष आम सभा का आयोजन किया जा रहा है। आम सभा का आयोजन 06 अक्टूबर 2026 को पंचायत सरकार भवन हनुमान नगर, बिरौल में किया जाएगा। जिसमें मौजा सुपौल, थाना संख्या 317 के रैयतों की उपस्थिति पूर्वाह्न 11.30 बजे अनिवार्य माना गया है। विशेष सर्वेक्षण सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी (शिविर कार्यालय, बिरौल) द्वारा जारी किए गए निर्देश के अनुसार, यह कार्रवाई राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, पटना के निर्देशों के आलोक में की जा रही है। बिहार सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त अधिनियम-2011 एवं नियमावली-2012 (संशोधित 2017 व 2019) के तकनीकी मार्गदर्शिका में निहित प्रावधानों के तहत आयोजित इस सभा में सभी भू-धारियों की उपस्थिति आवश्यक रूप से अपेक्षित की गई है, ताकि किश्तवार चरण में रैयतों की सही भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी द्वारा सुपौल पंचायत के सभी जनप्रतिनिधियों को पत्र प्रेषित कर अनुरोध किया गया है कि वे अपने स्तर से सभी भू-धारियों को इस सभा में भाग लेने के लिए जागरूक एवं सूचित करें। साथ ही शिविर कार्यालय ने अंचल के भू-धारियों से अपील की है कि वे सही समय पर उपस्थित होकर भू-सर्वेक्षण की प्रक्रिया को समझें और अपने भूमि अभिलेखों के सही अंकन में सहयोग करें।