लिपिक  विक्रम कुमार सिंह के निधन पर बेनीपुर व्यवहार न्यायालय में शोक सभा ,

दो मिनट का मौन रखकर न्यायिक पदाधिकारियों व कर्मियों ने दी श्रद्धांजलि

दस्तक 7 मीडिया/बेनीपुर।

बेनीपुर व्यवहार न्यायालय में पदस्थापित लिपिक विक्रम कुमार सिंह के असामयिक निधन पर शनिवार को न्यायालय परिसर में शोकसभा आयोजित की गई। न्यायिक पदाधिकारियों एवं न्यायालय कर्मियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान न्यायालय कर्मियों ने कहा कि विक्रम कुमार सिंह अत्यंत विनम्र, मिलनसार एवं सहयोगी स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके असामयिक निधन से न्यायालय परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। सहकर्मियों ने उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली को याद करते हुए कहा कि उनकी कमी लंबे समय तक महसूस होती रहेगी।

बताया गया कि विक्रम कुमार सिंह जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम ऋषि गुप्ता, बेनीपुर के न्यायालय में लिपिक के पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार देर शाम लहेरियासराय स्थित दारूभट्ठी चौक से अपने घर बेलवागंज लौटने के दौरान सड़क पर अचानक गिरने से उनकी मौत हो गई।

उनके निधन की सूचना मिलते ही शुक्रवार देर शाम से ही न्यायालय परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को आयोजित शोकसभा में सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।